ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा सिर्फ फिल्मों की वजह से ही नहीं बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ के चलते भी हमेशा चर्चा में रहती हैं. प्रियंका अपने पति निक जोनस और बेटी मालती के साथ अच्छा समय बिताती हैं. सोशल मीडिया पर भी उनके परिवार के फोटोज खूब वायरल होते हैं. इसी बीच अब हाल ही में प्रियंका ने बताया है कि उनकी बेटी मालती के जन्म के समय उन्होंने कितनी परेशानियां उठाई थीं. उन्होंने बताया कि कैसे उनका वो मुश्किल समय गुजरा था.
मालती का जन्म और मुश्किल शुरुआत
प्रियंका और निक की बेटी मालती मैरी जनवरी 2022 में जन्मी थीं. अब वो चार साल की हो चुकी हैं. प्रियंका सरोगेसी के जरिए मां बनी थीं लेकिन उनकी बेटी का जन्म उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा है. दरसल मालती का जन्म प्रीमैच्योर बेबी के रूप में हुआ था और कई महीनों तक वो NICU में ही रही थीं. निक जोनस पहले ही इस बारे में खुलकर बात कर चुके हैं. अब प्रियंका ने बताया कि क्यों उन्हें जल्दबाजी में अपनी बेटी की जन्म की खबर को शेयर करना पड़ा था.
हॉस्पिटल में गुजरा इमोशनल दौर
प्रियंका ने बताया कि मालती के आने की खुशी कई महीनों तक चिंता में डूबी रही थी. क्योंकि वो NICU में थीं. प्रियंका ने कहा कि इस दौरान उन्हें और निक को बहुत संवेदनशील और कठिन समय से गुजरना पड़ा था. उन्होंने बताया कि NICU में एक समय में सिर्फ एक ही अंदर जा सकता था. जब उन्होंने पहली बार मालती को देखा तो वो रो पड़ी थीं. तब तक प्रियंका की मां और ससुराल वाले भी वहां आ गये थे. प्रियंका ने बताया कि ज्यादातर समय वो हॉस्पिटल में ही रहते थे. वो समय उनके लिए बेहद इमोशनल और ट्रॉमेटिक था.
जन्म की अनाउंसमेंट की मजबूरी
प्रियंका ने ये भी बताया कि उन्हें एक टेक्स्ट मिला जिसमें लिखा था कि ‘अगर आप खुद जन्म की खबर नहीं बताएंगे तो तीन घंटे में मीडिया इसे पब्लिश कर देगा.’ यही वजह थी कि प्रियंका और निक को जल्दबाजी में बेटी के जन्म की घोषणा करनी पड़ी थी. उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी कहानी खुद बताने का मौका चाहिए था लेकिन स्थिति इतनी सही नहीं थी. उस वक्त वो दुनिया को बताने के लिए तैयार नहीं थे. क्योंकि उन्हें नहीं पता था की आगे क्या होने वाला है.
मालती की केयर और प्रियंका का प्यार
प्रियंका ने बताया कि निक अपने गिटार पर मालती के लिए गाना गाते थे. और प्रियंका के पास एक छोटा आईपॉड था जिसमें महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र और ओम नमः शिवाय जैसे मंत्र बजते थे. उन्होंने कहा की ये सब धीरे-धीरे मालती के पालने के पास पूरे दिन बजते रहते थे. मालती को उस दौरान 6 बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन भी करवाना पड़ा था. प्रियंका ने कहा कि इस कठिन दौर में उनका प्यार ही उन्हें सबसे ज्यादा सहारा दे रहा था.