नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. केंद्रीय जांच एजेंसी ने सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंडारे को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. मनीषा पुणे के शिवाजीनगर में स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ आर्ट्स साइंस एंड कॉमर्स में बॉटनी की लेक्चरर हैं.
सीबीआई द्वारा गिरफ्तार मनीषा मंडारे को नीट-यूजी बायोलॉजी पेपर लीक का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. लंबी पूछताछ के बाद मंडारे को (14 मई) को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे पूरे एजुकेशन सिस्टम में हड़कंप मच गया है.
कैसे रची गई साजिश?
सीबीआई के मुताबिक, मनीषा मंडारे को एनटीए ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा प्रक्रिया में बतौर एक्सपर्ट शामिल किया था. ऐसे में एक्सपर्ट पैनल में होने के चलते उनकी बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्न पत्रों तक पूरी पहुंच थी. जांच में सामने आया है कि मनीषा कुछ नीट अभ्यर्थियों को अपने पुणे स्थित घर पर स्पेशल कोचिंग क्लास देती थी. इसी क्लास में उन्होंने अभ्यर्थियों को बॉटनी और जूलॉजी के कई सवाल बताए, उन्हें नोट करवाया और किताबों में भी मार्क करवाए.
लाखों रुपये वसूलती थी मनीषा
3 मई 2026 को जब नीट-यूजी की परीक्षा हुई तो छात्रों ने देखा कि ज्यादातर सवाल सेम थे. सीबीआई के मुताबिक छात्रों को इन स्पेशल कोचिंग क्लासेस देने के बदले मनीषा लाखों रुपये वसूलती थी. अब तक जांच में केमिस्ट्री और बायोलॉजी पेपर लीक के पीछे के मुख्य आरोपियों के साथ-साथ उन बिचौलियों की भी पहचान हुई है, जिन्होंने लाखों रुपये लेकर छात्रों को इन विशेष क्लासों तक पहुंचाया था.
24 घंटों में देशभर में 6 ठिकानों पर छापेमारी
सीबीआई ने पिछले 24 घंटों में देशभर में 6 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से 5 लोग दिल्ली पुलिस की 7 दिन की रिमांड पर भेजे गए हैं. छापेमारी के दौरान अहम दस्तावेज बरामद किए गए, जिसमें लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन शामिल हैं. जब्त किए गए उपकरणों से रैकेट के कई और राज खुलने की उम्मीद है. इनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है.
शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत पर सीबीआई ने 12 मई को मामला दर्ज किया था. शिकायत में नीट-यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक का आरोप था. केस दर्ज होने के साथ ही स्पेशल टीम ने जांच-पड़ताल शुरू की. इस रैकेट में अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
ये भी पढ़ें
पश्चिम बंगाल में महिला पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत! शुभेंदु अधिकारी ने कर दिया बड़ा ऐलान